विश्व

मैक्सिको की पहली महिला राष्ट्रपति होंगी क्लॉडिया शेनबॉम:ये नोबेल प्राइज जीतने वाली कमेटी की मेंबर रहीं; चुनावी हिंसा में 200 की मौत हुई

मैक्सिको के 200 साल के इतिहास में पहली बार कोई महिला देश की राष्ट्रपति बनने वाली हैं। 2 जून को हुए चुनाव में सत्तारूढ़ मोरेना पार्टी की क्लॉडिया शेनबॉमl को सबसे ज्यादा 58.3% वोट मिले। अंतिम परिणाम आने में 8 जून तक का वक्त लग सकता है। दिलचस्प बात ये थी कि उनकी टक्कर में विपक्षी पार्टी की उम्मीदवार भी एक महिला ही थीं। विपक्षी शोचिल गालवेज दक्षिणपंथी नेशनल एक्शन पार्टी (PAN) से चुनाव लड़ीं। वे राष्ट्रपति ओब्राडोर की नीतियों की कट्टर विरोधी हैं।

शोचिल गालवेज को 28% वोट ही मिले। मैक्सिको ने पड़ोसी देश अमेरिका से पहले महिला राष्ट्रपति चुनकर इतिहास बनाया है। मैक्सिको में महिलाओं को वोट देने का अधिकार अमेरिका से 33 साल बाद मिला था। अमेरिका में जहां 1920 में ही महिलाओं को वोटिंग राइट्स मिल गए थे। वहीं, मैक्सिको में महिलाओं को वोट देने का अधिकार 1953 में मिला था।

कैसे उम्मीदवार बनी क्लॉडिया शेनबॉम
मैक्सिको के संविधान के नियम के मुताबिक, राष्ट्रपति ओब्राडोर को दोबारा से 6 साल का कार्यकाल नहीं मिल सकता। ऐसे में सत्ताधारी मोरोना पार्टी की तरफ से क्लॉडिया शेनबॉम को उम्मीदवार बनाया गया था। वह मैक्सिको सिटी की पूर्व मेयर रह चुकी हैं और लेफ्ट पॉलिटिक्स से काफी समय से जुड़ी हुई हैं। साल 2007 में मैक्सिको की इंटरगवर्नमेंटल कमेटी को नोबेल प्राइज मिला था। तब वह इसकी मेंबर थीं।

विवादों से भरा रहा राजनीतिक करियर
क्लॉडिया का राजनीतिक जीवन विवादों से भरा रहा है। 2017 में जब मेक्सिको सिटी की मेयर थीं तब एक शक्तिशाली भूकंप में एक स्कूल की छत गिर गई थी। इसमें 26 लोग मारे गए थे जिनमें 19 बच्चे थे। भारी आलोचना के बाद भी क्लॉडिया ने यह मानने से इनकार कर दिया कि कंस्ट्रक्शन में कोई गड़बड़ी थी। हालांकि, इसके बाद भी वह अगले साल फिर से शहर की मेयर चुनी गईं।

साल 2021 में मेक्सिको सिटी में एक एलिवेटेड मेट्रो ट्रैक का एक हिस्सा ढह गया। इसमें 26 लोग मारे गए और दर्जनों लोग घायल हुए। क्लॉडिया ने उन आरोपों को खारिज कर दिया जिनमें ये दावा किया गया था कि बजट में कटौती की वजह से ये घटना हुई। दिलचस्प बात ये थी कि ये कंस्ट्रक्शन कंपनी दुनिया के सबसे अमीर शख्स रहे कार्लोस स्लिम की थी। बाद में आरोप लगे थे कि कंपनी ने पीड़ितों को उचित मुआवजा नहीं दिया।

राष्ट्रपति चुनाव के दौरान क्लॉडिया शेनबॉम ने वादा किया था कि उनकी नीतियों से देश में अपराध दरों में कमी आएगी। वर्तमान में मेक्सिको में 1 लाख में से 23 लोगों की हर साल हत्या हो जाती है। क्लॉडिया ने उम्मीद जताई कि वे इसे 19.4 तक ले आएंगी। अगर ऐसा होता है तो मेक्सिको में हत्या की दर ब्राजील के बराबर हो जाएगी। हालांकि, शेनबॉम के इस दावे पर यकीन करने की एक वाजिब वजह भी है। जब वह मेक्सिको की मेयर बनी थीं तो उनके कार्यकाल में शहर में अपराध दरों में 50 फीसदी तक की गिरावट आई थी।

चुनावी हिंसा में 200 लोगों की मौत हुई
ये मैक्सिको के चुनावी इतिहास का सबसे हिंसक चुनाव भी कहा जा रहा है। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक अब तक करीब 200 लोग मारे जा चुके हैं। 50 से अधिक लोग सिर्फ गुरेरो प्रांत में मारे गए हैं। मैक्सिको में पिछला आम चुनाव 2018 में हुआ था। उस दौरान करीब 150 लोगों की हत्या कर दी गई थी।

Related Articles

Back to top button