मुख्य समाचार

यूपी : नेहा की दुर्लभ बीमारी का इलाज कराएंगे पूर्व सीएम अखिलेश यादव

बलरामपुर जिले की नेहा की दुर्लभ बीमारी का इलाज पूर्व मुख्यमंत्री सपा मुखिया अखिलेश यादव कराएंगे। पूर्व सीएम ने पूर्व राज्यमंत्री सलिल सिंह टीटू को नेहा के घर भेजकर बीमारी के इलाज कराने का संदेश भेजा है। पूर्व राज्यमंत्री ने नेहा के पिता को एक लाख रुपए की आर्थिक मदद दी है।
विशुनीपुर भगवतीगंज निवासी अशोक चौहान की 28 वर्षीय बेटी नेहा को पल्मोनरी अट्रीस हाइपरटेंशन नामक दुर्लभ बीमारी है। यह बीमारी लाखों में किसी एक को होती है। इस बीमारी में दिल से फेफड़े के बीच रक्त पहुंचाने वाली धमनी सिकुड़ जाती है। रक्त प्रवाह की प्रक्रिया अवरोधित होने पर शरीर का रंग नीला पड़ जाता है। नेहा इस बीमारी से पिछले एक साल से जूझ रही है। उसका इलाज केजीएमयू व लारी संस्थान लखनऊ में चल रहा है। अशोक चौहान करीब पांच लाख रुपए खर्च कर चुके हैं लेकिन नेहा को अभी तक कोई फायदा नहीं पहुंचा है। रक्त में आक्सीजन की कमी होते हुए उसका रंग नीला पड़ जाता है। 19 फरवरी से अब तक उसे आक्सीजन सिलेंडर के सहारे जीवित रखा गया है। नेहा के बीमारी की खबर सपा मुखिया अखिलेश यादव को लगी थी। उन्होंने बलरामपुर निवासी पूर्व राज्यमंत्री सलिल सिंह टीटू को बुलाकर बातचीत की। कहा कि नेहा के संपूर्ण इलाज का खर्चा मैं उठाने को तैयार हूं।
पूर्व मुख्यमंत्री के कहने पर सलिल सिंह टीटू, जिलाध्यक्ष ओंकारनाथ पटेल, नफीस मेकरानी, निशांत सिंह व अधिवक्ता विकास कलहंस मोनू शुक्रवार को नेहा के घर गए। पूर्व राज्यमंत्री ने नेहा की पूरी बीमारी का विवरण नोट किया। अशोक चौहान को अखिलेश यादव का संदेशा बताया। टीटू ने इलाज के लिए अपने पास से एक लाख रुपए नकद आर्थिक मदद की है। हमदर्दी पाकर अशोक की आंखों में आंसू आ गए।
अखिलेश यादव का संदेशा पाकर अशोक के परिवार को संजीवनी मिली है। उन्होंने नेहा के चिकित्सा संबंधी सभी कागजात पूर्व राज्यमंत्री को दिए हैं। साथ ही अशोक ने अखिलेश यादव व घर आए सपा नेताओं का आभार प्रकट किया है।

Related Articles

Back to top button