मुख्य समाचार

दीपक बावरिया के साथ हुई धक्का- मुक्की से कांग्रेस अध्यक्ष नाराज, सभी बड़े नेताओं को किया दिल्ली तलब

भोपाल। रविवार को मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी दीपक बावरिया के साथ रीवा में हुई धक्का-मुक्की के बाद राहुल गांधी ने प्रदेश के सभी बड़े नेताओं को दिल्ली तलब किया है। सूत्रों के मुताबिक रीवा में हुए अभद्र व्यवहार की जानकारी बावरिया ने सीधे राहुल गांधी को दी थी जिसके बाद राहुल गांधी ने दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, अजय सिंह और दीपक बावरिया को दिल्ली बुला लिया है।

जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी दीपक बावरिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ एवं चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और अजय सिंह के साथ आज दिल्ली में बैठक ले रहे हैं। सूत्रों की माने तो मीटिंग में प्रदेश में पार्टी के भीतर चल रहे घटनाक्रम पर चर्चा होगी। वहीं इस दौरान पार्टी अध्यक्ष समेत अन्य नेताओं के दौरे और सिंतबर में होने वाले राहुल गांधी के रोड शो पर भी चर्चा हो सकती है।

गौरतलब है कि रविवार को रीवा में दीपक बावरिया कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे थे जहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक सवाल के जवाब में उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर कमलनाथ या सिंधिया में से किसी एक मुख्यमंत्री को पद का दावेदार बताया था। जिसके बाद वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धक्का-मुक्की करते हुए उनके साथ अभद्रता कर दी। ये भी कहा कि मुख्यमंत्री पद के दावेदार के लिए सिंधिया-कमलनाथ का ही नाम क्यों, अजय सिंह का क्यों नहीं।

Related Articles

Back to top button