भाजपा के आंदोलन पर कांग्रेस ने कसा तंज, कहा- पूरी ताकत लगाने के बाद भी 500 गिरफ्तारी नहीं दे पाई
![](https://www.samayaajkal.com/wp-content/uploads/2022/05/congress-said-the-public-rejected-the-bjp-jail-bharo-movement-780x470.jpg)
रायपुर । कांग्रेस ने भाजपा के आंदोलन को राजनीतिक नौटंकी बताया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा के आंदोलन को जनता ने नकार दिया है। जनता भाजपा की इस राजनीतिक हठधर्मिता के कारण ट्रैफिक जाम से परेशान होती रही।
जनता को गुमराह कर रही है भाजपा
शुक्ला ने कहा कि भाजपा के इस असफल आंदोलन से एक बात साफ हो गई कि छत्तीसगढ़ में मृत हो चुकी भाजपा आंदोलन करना तो चाहती है, लेकिन उसके पास कांग्रेस सरकार के खिलाफ मुद्दे नहीं बचे हैं। वह जनता को गुमराह करने काल्पनिक मुद्दे पर आंदोलन करने को बाध्य हुई।
कांग्रेस ने कहा, रायपुर में बमुश्किल 500 गिरफ्तारी
हास्यास्पद तो यह रहा कि रायपुर में बूढ़ातालाब में धरनास्थल पर प्रदर्शन करने वालों की संख्या 500 करने का भाजपा विरोध कर रही थी और पूरी ताकत लगाने के बाद भी 500 गिरफ्तारी नहीं दे पाई। प्रदेश के दूसरे जिलों में भी बमुश्किल 100-150 भाजपाइयों ने गिरफ्तारी दी। प्रदेश के आधे जिलों में तो भाजपा प्रदर्शन ही नहीं कर पाई।
बतादें कि छत्तीसगढ़ में भाजपा करीब साढ़े तीन साल बाद सोमवार को पूरे जोश और दमखम के साथ सड़क पर उतरी। बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन पर रोक के विरोध में आयोजित जेल भरो आंदोलन में प्रदेशभर में 70 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का दावा कर रही है, जबकि पुलिस यह आंकड़ा साढ़े सात हजार के आसपास बता रही है।
भारत माता के अपमान के विरोध में एनएसयूआइ ने फूंका रमन का पुतला
राजनांदगांव के एक कार्यक्रम में भारत माता की तस्वीर को जमीन पर रखने के विरोध में एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह का पुतला फूंका। रायपुर के आंबेडकर चौक पर कार्यकर्ताओं ने यह प्रदर्शन किया।
प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने कहा कि जिस प्रकार भारत माता की तस्वीर को जमीन पर रखकर अपमानित किया गया, वह भाजपा के चरित्र को प्रदर्शित करता है। भाजपा के लोग अपने आपको राष्ट्रभक्त कहते हैं। डा. रमन सिंह अगर माफी नहीं मांगते हैं, तो उनके खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन में अमित शर्मा, हनी बग्गा, हेमंत पाल, शांतनु झा, तुषार गुहा, प्रशांत गोस्वामी, निखिल बंजारी आदि श्ाामिल थे।