भोपाल में शिवराज का निकला भव्य रोड शो सिंधिया भी पहुंचे बीजेपी दफ्तर
केंद्रीय मंत्रियों का स्वागत कार्यक्रम स्थगित

शिवराज, सिंधिया समेत 4 केंद्रीय मंत्री बीजेपी दफ्तर पहुंचे
भोपाल।
केंद्रीय मंत्रियों और पदाधिकारियों ने भाजपा कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
केंद्र में मध्यप्रदेश से मंत्री बनाए गए शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, दुर्गादास उईके और सावित्री ठाकुर रविवार शाम को भोपाल स्थित प्रदेश बीजेपी कार्यालय पहुंचे। यहां सभी नेताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इस दौरान प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और प्रदेश सरकार के कई मंत्री शामिल रहे।
दरअसल, पहले केंद्रीय मंत्रियों का अभिनंदन समारोह किया जाना था। लेकिन पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया की पत्नी के निधन के बाद पार्टी ने सादा कार्यक्रम करने का निर्णय लिया। जिसमें पार्टी के संस्थापक नेताओं की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया।
शिवराज सिंह ने किया रोड शो
इससे पहले केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान दोपहर में शताब्दी एक्सप्रेस से दिल्ली से भोपाल पहुंचे। यहां बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद शिवराज सिंह ने भोपाल में रोड शो भी किया। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह उनका स्वागत सत्कार किया गया। केंद्रीय कैबिनेट मंत्री शिवराज सिंह शाम को बीजेपी दफ्तर पहुंचे।