राष्ट्रीय

पीएम मोदी के निमंत्रण पर भारत आ रहे अबू धाबी के क्राउन प्रिंस

नई दिल्ली । भारतीय विदेश मंत्रालय ने घोषणा की कि अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान 9-10 सितंबर को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत की आधिकारिक यात्रा पर आ रहे है। अबू धाबी के युवराज के रूप में यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी। अल नाहयान के साथ यूएई सरकार के कई मंत्री और एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी होगा। वे सोमवार को पीएम मोदी से मिलने और द्विपक्षीय सहयोग के व्यापक क्षेत्रों पर चर्चा करने वाले है। जिसके बाद वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर बाद में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए राजघाट जाएंगे।
अपनी यात्रा के दूसरे दिन वह एक बिजनेस फोरम में भाग लेने के लिए मुंबई जाएंगे, इसमें दोनों देशों के बिजनेस प्रमुख हिस्सा ले रहे है। विदेश मंत्रालय ने कहा, प्रिंस की यात्रा मजबूत भारत-यूएई द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेगी और नए और उभरते क्षेत्रों में साझेदारी के रास्ते खोलेगी। अल नाहयान के साथ यूएई सरकार के कई मंत्री और एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी होगा। 2022-23 में करीब 85 बिलियन डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार के साथ यूएई और भारत एक-दूसरे के शीर्ष व्यापारिक साझेदारों में से हैं। प्रधान मंत्री मोदी 14 फरवरी को अबू धाबी की यात्रा पर गए थे, जहां उन्होंने भक्ति मंत्रों के बीच और स्वामीनारायण संप्रदाय के आध्यात्मिक नेताओं की उपस्थिति में अबू धाबी के पहले हिंदू पत्थर मंदिर का उद्घाटन किया था।

Related Articles

Back to top button