व्यवसाय

पेट्रोल के भाव में फिर लगी आग, एक लीटर 80 रुपए के पार

नई दिल्ली: कच्चे तेल की कीमत बढ़ने के कारण पेट्रोल और डीजल के भावों में फिर आग लग गई है। फरवरी के महीने में इनमे गिरावट देखी जा रही थी। पिछले हफ्ते से फिर पेट्रोल के भावों में तेजी देखने को मिल रही है। अब पेट्रोल और डीजल के भाव डेढ़ महीने की उंचाई पर हैं। मुंबई में पेट्रोल के भाव 80 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गए हैं। मुंबई में पेट्रोल 80.82 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। इसी तरह महाराष्ट्र के अमरावती में भाव करीब 82 रुपए प्रति लीटर पहुंच गए हैं। अमरावती में 1 लीटर पेट्रोल 81.97 रुपए में मिल रहा है। दिल्ली में पेट्रोल के भाव 72.96 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं।

19 मार्च के बाद से पेट्रोल के भाव में 70 पैसे से ज्यादा की तेजी आ चुकी है। डीजल के भाव भी करीब 90 पैसे प्रति लीटर तक बढ़ गए हैं। मुंबई में डीजल 67.91 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। दिल्ली में डीजल के भाव 63.77 रुपए प्रति लीटर है। ब्रेंट क्रूड की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गए हैं। वैश्विक बाजार में ट्रेड वार की आहट से क्रूड की कीमत में तेजी आ रही है। इसका असर रुपए पर भी पड़ रहा है। रुपया कमजोर होकर 3 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया है। भारत अपनी जरुरत का अधिकतर पेट्रोल, डीजल आयात करता है। अगर रुपया सस्ता होगा तो हमें डॉलर के मुकाबले ज्यादा रुपए देने होंगे। मतलब भारत के ज्यादा रुपए खर्च होंगे। इसी कारण पेट्रोल और डीजल के भाव बढ़ रहे हैं।

सरकार ने 2010 में ईंधन की कीमतों को बाजार के हवाले छोड़ दिया था। हालांकि सरकार के पास एक्साइज ड्यूटी का हथियार है। पिछले अक्टूबर में सरकार ने 2 रुपए पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाई थी। हालांकि क्रूड के दाम बढ़ने से ये तेजी ज्यादा दिन नहीं चली। जब भी पेट्रोल, डीजल के भाव बढ़ते हैं एक्साइज ड्यूटी घटाने की मांग बढ़ने लगती है।

Related Articles

Back to top button