मुख्य समाचार

क्‍या यूपी विधानसभा चुनाव में सपा या बसपा से गठबंधन करेगी कांग्रेेस

नई दिल्ली। कांग्रेस की उत्‍तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी में सपा और बसपा में से किसी से भी गठबंधन किए बिना चुनाव लड़ने और अपने दम पर सरकार बनाने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश विधानससभा का चुनाव प्रियंका गांधी वाड्रा की देख-रेख में लड़ेगी। सनद रहे इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा था कि उनकी पार्टी यूपी में गठबंधनों के लिए इंतजार नहीं करेगी। खुर्शीद ने भी कहा था कि प्रियंका गांधी वाड्रा उत्‍तर प्रदेश में पार्टी की कैप्‍टन हैं।

समाचार एजेंसी पीटीआइ से विशेष साक्षात्‍कार में अजय कुमार लल्‍लू ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को मुख्य चुनौती देने वाली पार्टी के तौर पर उभरी है। उन्‍होंने यह भी दावा किया कि 403 सदस्यीय विधानसभा में महज पांच विधायकों के साथ उनकी पार्टी 49 विधायकों वाली सपा से ज्यादा प्रभावी विपक्ष साबित हुई है। प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने ने कहा कि राज्य में बदलाव की आंधी है जिसका नाम प्रियंका गांधी है। प्रियंका गांधी के नेतृत्व में राज्य में विभिन्न स्तरों पर कांग्रेस संगठन मजबूत हुआ है।

क्या कांग्रेस उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाएगी। इस सवाल पर लल्लू ने कहा कि मुख्यमंत्री पद के लिए किसे चेहरा बनाया जाएगा इसका फैसला पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। प्रियंका राज्य की प्रभारी हैं और विधानसभा चुनाव भी उनकी ही देखरेख में लड़ा जाएगा। उत्तर प्रदेश के लोग बहुत उम्मीद से कांग्रेस की तरफ देख रहे हैं। प्रियंका गांधी को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। उन्‍होंने यह भी दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी।

कांग्रेस अपने दम पर यूपी विधानसभा का चुनाव लड़ेगी या सपा बसपा के साथ कोई गठबंधन करेगी। इस सवाल पर उत्‍तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि कांग्रेस लोगों, किसानों, गरीबों, महिलाओं एवं दलितों के मुद्दों के साथ गठबंधन करेगी। कांग्रेस इन्‍हीं मुद्दों के साथ लोगों के पास जाएगी। कांग्रेस नेता का यह बयान ऐसे वक्त में सामने आया है जब कुछ ही दिनों पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था कि उनकी पार्टी बड़े दलों के साथ गठबंधन नहीं करेगी। वहीं बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा था कि उनकी पार्टी यूपी विधानसभा चुनाव में किसी से गठबंधन नहीं करेगी।

Related Articles

Back to top button